Bihar: मां कपड़ा धोती रही, गंगा में समा गया मासूम; तीन साल के बच्चे की मौत के बाद मुआवजे को लेकर हंगामा
मुंगेर के बरियारपुर में गंगा घाट पर खेलते समय तीन वर्षीय बच्चे की डूबकर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-80 जाम किया, जिससे गर्मी में राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
विस्तार
मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में गंगा नदी में डूबकर तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बरियारपुर–मुंगेर एनएच-80 को जाम कर दिया, जिससे भीषण गर्मी में राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बरियारपुर प्रखंड के कल्याण टोला निवासी अभय कुमार मंडल की पत्नी चांदनी देवी, पैरु मंडल टोला स्थित गंगा घाट पर कपड़ा धोने गई थीं। इसी दौरान उनका तीन वर्षीय पुत्र प्रेम कुमार चुपके से घाट पर पहुंच गया और स्नान करने लगा। खेल-खेल में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
पढ़ें; जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो गुटों के बीच फायरिंग में दो लोग घायल; पुलिस मौके पर पहुंची
घाट पर मौजूद लोगों ने बच्चे को डूबता देख शोर मचाया। शोर सुनकर मां की नजर बच्चे पर पड़ी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने तत्काल गंगा में खोजबीन शुरू की और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला। बच्चे को आनन-फानन में बरियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-80 को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस और अंचल कर्मी मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर जाम हटवाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया।